प्रह्लाद जोशी ने प्राथमिक शिक्षक संबंधी शिक्षा में छह महीने के ‘ब्रिज’ पाठ्यक्रम की शुरुआत की
प्रह्लाद जोशी ने प्राथमिक शिक्षक संबंधी शिक्षा में छह महीने के ‘ब्रिज’ पाठ्यक्रम की शुरुआत की
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बृहस्पतिवार को बी.एड. डिग्रीधारी सेवारत शिक्षकों के लिए प्राथमिक शिक्षक संबंधी शिक्षा (पीटीई) में छह महीने के प्रमाणपत्र ‘ब्रिज’ पाठ्यक्रम की शुरुआत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह पाठ्यक्रम राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के माध्यम से संचालित किया जाएगा और इसके तहत शिक्षकों को बाल-केंद्रित, समावेशी तथा विकास के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों से परिचित किया जाएगा। इससे प्रारंभिक और प्राथमिक स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता मजबूत होगी।
शिक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘यह पाठ्यक्रम बी.एड. डिग्रीधारी शिक्षकों के लिए प्राथमिक स्तर पर शिक्षण हेतु आवश्यक प्रमाणन प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। यह विशेष व्यावसायिक विकास कार्यक्रम शिक्षकों को व्यापक प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिससे वे प्राथमिक स्तर (कक्षा 1-5) के विद्यार्थियों को प्रभावी ढंग से शिक्षित करने के लिए आवश्यक कौशल और दक्षताएं विकसित कर सकेंगे।’’
राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के ढांचे के अनुसार तैयार किए गए इस पाठ्यक्रम में शैक्षणिक अध्ययन, कम से कम 10 दिन की ऑनलाइन कक्षाएं और कम से कम 20 दिन का स्कूल आधारित अनुभव शामिल होगा।
उच्चतम न्यायालय ने एनसीटीई को ऐसे नियुक्त शिक्षकों के लिए ब्रिज पाठ्यक्रम तैयार करने का अधिकार दिया था, जिन्हें प्राथमिक शिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था, लेकिन उनके पास डी.एल.एड. की योग्यता नहीं थी।
इसके अनुसार, यह पाठ्यक्रम 28 जून, 2018 से 11 अगस्त, 2023 के बीच बी.एड. डिग्री के साथ प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) में पढ़ाने के लिए नियुक्त सेवारत प्राथमिक स्कूल शिक्षकों के लिए तैयार किया गया है।
भाषा शफीक मनीषा
मनीषा

Facebook


