(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर नागरिकों को बधाई दी तथा सभी से भगवान कृष्ण के आदर्शों का पालन करने तथा एक समावेशी एवं विकसित भारत के निर्माण की दिशा में अनथक काम करते रहने का आह्वान किया।
उन्होंने एक संदेश में कहा कि भगवान कृष्ण का जीवन और उनकी शिक्षाएं भारतीय सांस्कृतिक एवं दार्शनिक विरासत में नई जान डालती हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि भगवान कृष्ण ने सत्य, सदाचार, न्याय, करुणा और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा, ‘‘ इस शुभ अवसर पर, आइए हम भगवान श्री कृष्ण के आदर्शों का पालन करने और एक समावेशी एवं विकसित भारत के निर्माण की दिशा में अनथक प्रयास करते रहने का संकल्प लें।’’
राष्ट्रपति ने कहा कि भगवद्गीता में निहित उनकी शिक्षाएं मानवता के लिए कठिन समय में समझदारी भरे फैसले लेने और नैतिक मूल्यों पर अडिग रहने की प्रेरणा का एक शाश्वत स्रोत बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जन्माष्टमी का पवित्र त्योहार हमें आपसी सद्भाव और कर्तव्य एवं सेवा के प्रति समर्पण की भावना को बनाए रखने के लिए प्रेरणा देता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर, मैं देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देती हूं।’’
भाषा
राजकुमार माधव
माधव