नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गाजा के लिए अमेरिका की मध्यस्थता वाली शांति योजना के पहले चरण की ‘सफलता’ पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बृहस्पतिवार को बधाई दी और शत्रुता समाप्त करने के उनके प्रयासों के लिए उनकी सराहना की।
मोदी ने ट्रंप के साथ फोन पर बातचीत के दौरान यह बात कही। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत का भारी-भरकम शुल्क लगाए जाने के बाद भारत और अमेरिका के बीच संबंधों में तनाव है। इसमें भारत द्वारा रूस से कच्चे तेल की खरीद पर 25 प्रतिशत शुल्क भी शामिल है।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने और ट्रंप ने व्यापार वार्ता में ‘अच्छी प्रगति’ की भी समीक्षा की।
मोदी ने लिखा, ‘‘मैंने अपने मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात की और ऐतिहासिक गाजा शांति योजना की सफलता पर उन्हें बधाई दी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने व्यापार वार्ता में हुई अच्छी प्रगति की भी समीक्षा की। आने वाले हफ्तों में निकट संपर्क में रहने पर सहमति बनी।’’
पिछले तीन हफ्तों में मोदी और ट्रंप के बीच फोन पर यह दूसरी बातचीत थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने 16 सितंबर को मोदी को फ़ोन कर उन्हें 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थीं।
इससे पहले दिन में मोदी ने गाजा में शत्रुता समाप्त करने के लिए ट्रंप और इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के प्रयासों की सराहना की।
मोदी ने कहा, ‘‘हम राष्ट्रपति ट्रंप की शांति योजना के पहले चरण पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं। यह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के सशक्त नेतृत्व का भी प्रतीक है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि बंधकों की रिहाई और गाजा के लोगों को मानवीय सहायता में वृद्धि से उन्हें राहत मिलेगी तथा स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त होगा।’’
अमेरिका ने घोषणा की कि इजराइल और हमास गाजा शांति योजना के पहले चरण पर सहमत हो गए हैं, जिसमें गाजा पट्टी में युद्धविराम और इजराइली बंदियों और फलस्तीनी कैदियों की रिहाई शामिल है।
बृहस्पतिवार को मुंबई में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्ममर के साथ मोदी की बातचीत में गाजा की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा कि शांति योजना पर आगे बढ़ने से गहरी राहत मिलेगी, विशेषकर हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों के परिवारों और गाजा की नागरिक आबादी को।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल