निर्भीक पत्रकारिता के लिए सिद्धांत और नैतिकता जरूरी: शिवकुमार

Ads

निर्भीक पत्रकारिता के लिए सिद्धांत और नैतिकता जरूरी: शिवकुमार

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 05:19 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 05:19 PM IST

बेंगलुरु, एक जुलाई (भाषा) आज के दौर में निर्भीक पत्रकारिता को एक बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य बताते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने का एकमात्र रास्ता सैद्धांतिक और पेशेवर दृष्टिकोण अपनाना है।

वह यहां गांधी भवन में ‘कर्नाटक मीडिया अकादमी’ और ‘कर्नाटक श्रमजीवी पत्रकार संघ’ द्वारा आयोजित ‘पत्रकारिता दिवस’ समारोह का उद्घाटन करने के बाद उसे संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘यदि पत्रकार इस पेशे के सिद्धांतों, नैतिकता और अंतरात्मा के अनुरूप काम करेंगे, तो इससे समाज का भला होगा।’

इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारिता जगत को खुद को फर्जी खबरों से मुक्त करने की जरूरत है।

एक उदाहरण देते हुए शिवकुमार ने कहा कि वह नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल गए थे, लेकिन कुछ टेलीविजन चैनलों ने झूठा दावा कर दिया कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, ‘वह खबर पूरी तरह से असत्य थी।’

मुख्यमंत्री ने इस बात का भी उल्लेख किया कि महात्मा गांधी सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने पत्रकारिता की थी और इस पेशे की गरिमा को बढ़ाया था।

उन्होंने पत्रकारों से इस विरासत को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

भाषा

सुमित नरेश

नरेश