मलप्पुरम (केरल), 26 जुलाई (भाषा) कोझिकोड-त्रिशूर मार्ग पर एक निजी बस रविवार सुबह कुट्टिपुरम के पास राजमार्ग पर पलट गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनास्थल के दृश्यों में बस सड़क किनारे बने कंक्रीट के अवरोधक के ऊपर पलटी हुई अवस्था में दिखाई दी।
टेलीविजन चैनलों पर दिखाए गए दृश्यों में बस का एक हिस्सा अवरोधक के दूसरी ओर एक कार के ऊपर गिरा हुआ दिखा।
पुलिस ने बताया कि यह एक दुर्घटना संभावित क्षेत्र है और हादसे के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आशंका जताई कि बस तेज रफ्तार में थी और चूंकि बारिश भी हो रही थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई होगी।
एक यात्री ने एक टीवी चैनल को बताया कि हादसे के दौरान बस के पलट जाने से यात्रियों पर डीजल गिरने लगा, जिससे अफरा-तफरी मच गई और उन्हें बाहर निकलने में परेशानी हुई।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की। उसने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला व्यक्ति कोझिकोड का रहने वाला था।
भाषा
प्रचेता सुभाष
सुभाष