उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए लंबी बैठकों के बाद प्रियंका का दो दिवसीय असम दौरा समाप्त

उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए लंबी बैठकों के बाद प्रियंका का दो दिवसीय असम दौरा समाप्त

उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए लंबी बैठकों के बाद प्रियंका का दो दिवसीय असम दौरा समाप्त
Modified Date: February 20, 2026 / 06:24 pm IST
Published Date: February 20, 2026 6:24 pm IST

गुवाहाटी, 20 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने असम के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने की खातिर वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें करने के बाद शुक्रवार को राज्य का अपना दो दिवसीय दौरा पूरा किया।

एक दिन पहले यहां पहुंचीं प्रियंका ने राज्य भर के नेताओं से मुलाकात की और संभावित उम्मीदवारों पर प्रतिक्रिया जानने के लिए सुबह लगभग तीन बजे तक चर्चा की।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “मैंने लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। मुझे लगता है कि इस तरह से मुझे बेहतर प्रतिक्रिया मिल सकती है। हमने देर रात तक चर्चा की। हम फिर आएंगे और लोगों से मिलेंगे।”

प्रियंका ने राजनीतिक मामलों की समिति, विधायकों, जिला अध्यक्षों, संबद्ध संगठनों के प्रमुखों, सांसदों, प्रकोष्ठ प्रमुखों और बूथ समिति प्रमुखों आदि के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।

उन्होंने कहा कि उम्मीदवार चयन समिति के सदस्यों एवं लोकसभा सदस्यों इमरान मसूद, सप्तगिरि शंकर उलका और सिरिवेल्ला प्रसाद ने सभी जिलों का दौरा किया और विभिन्न स्तरों पर पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की।

राज्य के अपने दौरे का समापन करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमने इस प्रक्रिया को बेहतर तरीके से करने की कोशिश की है।’’

वह असम विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की उम्मीदवार चयन समिति की अध्यक्ष हैं। राज्य में मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है।

वायनाड से सांसद प्रियंका ने सुबह राज्य कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का दौरा किया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बुधवार को कहा था कि उम्मीदवारों की पहली सूची इस महीने के अंत तक जारी होने की संभावना है और मार्च के पहले सप्ताह तक लगभग 80 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा होने की उम्मीद है।

अपनी यात्रा के दौरान, प्रियंका ने भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के खिलाफ 20 सूत्री ‘आरोपपत्र’ भी जारी किया, जिसमें भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं और अल्पसंख्यकों में भय पैदा करने के लिए राज्य मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।

कांग्रेस ने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और झारखंड के पूर्व विधायक बंधु तिर्की को चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

वर्तमान में, 126 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के पास 64 सीटें हैं। उसके सहयोगी असम गण परिषद (अगप), यूपीपीएल और बोडो पीपल्स फ्रंट (बीपीएफ) के पास क्रमशः नौ, सात और तीन विधायक हैं।

विपक्ष में, कांग्रेस के 26 विधायक हैं, जबकि एआईयूडीएफ के 15 और माकपा के एक विधायक हैं। एक विधायक निर्दलीय भी हैं।

भाषा

प्रियंका अविनाश पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में