गांधीनगर, नौ अप्रैल (भाषा) गुजरात के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के.एल.एन. राव ने बृहस्पतिवार को कहा कि साइबर अपराधों के खिलाफ लड़ाई में एक सक्रिय दृष्टिकोण अपनाना बहुत जरूरी है।
गांधीनगर के पुलिस भवन में ‘साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए राव ने अधिकारियों को अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने और वास्तविक समय में जानकारी साझा करने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करने का निर्देश दिया।
उनके हवाले से एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘साइबर अपराधों के खिलाफ लड़ाई में एक सक्रिय दृष्टिकोण आवश्यक है। नागरिकों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूल, कॉलेज और सामाजिक मंचों के माध्यम से विशेष अभियान चलाए जाने चाहिए।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘बैठक में साइबर अपराध की बढ़ती व्यापकता और डिजिटल धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया से संबंधित अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी जैसे नए तरीकों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही तकनीकी तैयारी और जांच पर भी जानकारी दी गयी।’’
भाषा यासिर माधव
माधव