नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) दिल्ली के विकासपुरी इलाके में रविवार को एक बस से एक खलासी का जला हुआ शव मिलने के मामले में पुलिस ने संदेह जताया है कि बस में आग अगरबत्ती से चिंगारी उठने के कारण लगी होगी।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान सुनील (25) के रूप में हुई है। सुनील रात में बस में ही सोता था और मच्छरों को भगाने के लिए अगरबत्ती जलाता था।
पुलिस के मुताबिक आग से बस को भारी नुकसान पहुंचा है। बस का आंतरिक हिस्सा पूरी तरह जल गया है और सीटों के केवल लोहे के ढांचे ही बचे हैं। सुनील का शव पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में रखा गया है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें काफी तेज थीं और जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, पूरी बस जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रिया अपार्टमेंट के निवासी विजय ने कहा, ‘‘रविवार रात करीब 12:30 बजे हमने देखा कि बस में आग लगी है। मैंने दमकल विभाग को फोन किया। रात करीब 12:45 बजे जब दमकल की गाड़ियां आईं, तब उन्होंने बस की खिड़कियां तोड़ीं। तब तक पूरी बस आग की लपटों में घिर चुकी थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें बताया गया कि बस के अंदर सोने वाला व्यक्ति खलासी था। बस चालक को भी बुलाया गया।’’
विजय कुमार (46) के स्वामित्व वाली इस बस का पंजीकरण हरियाणा में था। स्थानीय लोगों को इस बारे में कोई पक्की जानकारी नहीं थी कि यह पर्यटक बस थी या स्कूल बस। लेकिन उन्होंने बताया कि यह कुछ समय से सड़क किनारे खड़ी थी।
भाषा
प्रचेता सुरेश नरेश
नरेश