केरल के लोक निर्माण मंत्री बशीर के नाम से फर्जी खबर प्रसारित करने के मामले की जांच शुरू

केरल के लोक निर्माण मंत्री बशीर के नाम से फर्जी खबर प्रसारित करने के मामले की जांच शुरू

केरल के लोक निर्माण मंत्री बशीर के नाम से फर्जी खबर प्रसारित करने के मामले की जांच शुरू
Modified Date: June 25, 2026 / 12:40 pm IST
Published Date: June 25, 2026 12:40 pm IST

मलप्पुरम (केरल), 25 जून (भाषा) केरल के लोक निर्माण मंत्री पी.के. बशीर के नाम से संक्रामक रोगों से होने वाली मौतों को लेकर कथित टिप्पणी वाली एक फर्जी खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, मंत्री के करीबी एक व्यक्ति की शिकायत पर मलप्पुरम साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक मलयालम दैनिक के ‘लोगो’ का इस्तेमाल कर तैयार की गई फर्जी समाचार क्लिप फेसबुक पर जाफर के.टी. और दामोदरन नामक व्यक्तियों के खातों के माध्यम से प्रसारित की गई।

फर्जी पोस्ट में दावा किया गया था कि मंत्री ने कहा है कि संक्रामक रोगों से होने वाली मौतें ‘‘ईश्वर का निर्णय’’ हैं और इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।

अधिकारियों ने बताया कि मंत्री की तस्वीर वाली यह पोस्ट सोशल मीडिया मंचों पर व्यापक रूप से साझा की गई।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें जालसाजी और दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।

अधिकारियों ने कहा कि फर्जी पोस्ट के मूल स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है तथा इसे साझा करने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

मंत्री ने बाद में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने फर्जी समाचार क्लिप के प्रसार को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में