गोवा के मापुसा जिला अस्पताल में चार घंटे बिजली गुल रहने की घटना की जांच के आदेश
गोवा के मापुसा जिला अस्पताल में चार घंटे बिजली गुल रहने की घटना की जांच के आदेश
पणजी, तीन जून (भाषा) गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बुधवार को कहा कि उन्होंने मापुसा के जिला अस्पताल में हाल में चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
राणे ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इस मामले की जांच राज्य के स्वास्थ्य सचिव के नेतृत्व में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले अस्पताल में करीब चार घंटे तक बिजली गुल रही थी तथा अब जांचकर इसके कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह घटना गंभीर संकट का कारण बन सकती थी, विशेषकर ऐसे समय में जब अस्पताल में कई गंभीर मरीज भर्ती थे, जिनमें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखे गए रोगी भी शामिल थे।
उन्होंने कहा, ‘‘बिजली आपूर्ति ठप होने की परिस्थितियों, बैकअप व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की गहन जांच की जानी चाहिए ताकि जवाबदेही तय की जा सके और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।’’
राज्य स्वास्थ्य महानिदेशालय की वेबसाइट के अनुसार मापुसा का जिला अस्पताल उत्तर गोवा का 250 बिस्तरों वाला एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है।
भाषा मनीषा राजकुमार
राजकुमार

Facebook


