केरल में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रदर्शन विभाजनकारी रणनीति का हिस्सा: उन्नीथन

केरल में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रदर्शन विभाजनकारी रणनीति का हिस्सा: उन्नीथन

केरल में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रदर्शन विभाजनकारी रणनीति का हिस्सा: उन्नीथन
Modified Date: May 9, 2026 / 04:09 pm IST
Published Date: May 9, 2026 4:09 pm IST

कासरगोड(केरल), नौ मई (भाषा) कांग्रेस सांसद राजमोहन उन्नीथन ने शनिवार को केरल के अगले मुख्यमंत्री के मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल के पोस्टर को नुकसान पहुंचाकर मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के समर्थन में किए जा रहे प्रदर्शनों को “फूट डालने वाली रणनीति” करार दिया।

उन्नीथन ने कहा कि वेणुगोपाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन और रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद पर दावा करने के योग्य हैं और समर्थक इसके लिए सार्वजनिक प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन यह पार्टी अनुशासन का पालन करते हुए किया जाना चाहिए।

कासरगोड से लोकसभा सदस्य उन्नीथन ने मुख्यमंत्री के चयन के तरीके के संबंध में कहा कि न केवल पार्टी के विधायक, बल्कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के प्रत्येक घटक जिसमें आईयूएमएल, केरल कांग्रेस (केईसी) और क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी (आरएसपी) शामिल हैं को अपनी राय व्यक्त करने का अधिकार है।

उन्नीथन ने मुख्यमंत्री पद के मुद्दे पर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के संबंध में पार्टी के एक विधायक द्वारा की गई कुछ टिप्पणियों की भी कड़ी आलोचना की और कहा कि ‘टीम यूडीएफ’ में इसके सभी घटक सदस्य शामिल हैं, जिन्हें इस बात पर अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है कि मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए।

उन्होंने कहा,‘‘केरल में कोई भी सांसद या विधायक यह नहीं कह सकता कि लीग कांग्रेस के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी नहीं कर सकती क्योंकि आईयूएमएल यूडीएफ टीम का हिस्सा है।’’

उन्नीथन ने कहा कि अपने विचार व्यक्त करने वाले किसी व्यक्ति के खिलाफ टिप्पणी करना ‘असहिष्णुता’ दर्शाता है। उन्होंने इसी के साथ पार्टी विधायक के ऐसे बयान देने के अधिकार पर सवाल उठाया।

सांसद ने कहा, ‘‘दरअसल, यूडीएफ को चुनाव जीतने में मदद करने वाले सभी अल्पसंख्यक और धार्मिक समूह इस मामले पर अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं।’’

उन्नीथन ने हालांकि विधायक का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा मैथ्यू कुझलनादन की ओर था, जिन्होंने कुछ दिन पहले टिप्पणी की थी कि आईयूएमएल कांग्रेस के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करे। मैथ्यू ने मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया था।

केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस नीत यूडीएफ को 102 सीट मिली है और गठबंधन में मुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन चल रहा है।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में