खामेनेई की हत्या को लेकर राजौरी में विरोध प्रदर्शन

Ads

खामेनेई की हत्या को लेकर राजौरी में विरोध प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 12:59 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 12:59 PM IST

राजौरी/जम्मू, तीन मार्च (भाषा) ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के मद्देनजर जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को विरोध प्रदर्शन हुए।

बुधाल में लोग प्रदर्शन करने के लिए शेख-उल-आलम मस्जिद के सामने जमा हुए और उन्होंने ईरान पर अमेरिका तथा इजराइल द्वारा किए गए संयुक्त हमलों की कड़ी निंदा की।

इजराइल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्होंने इस हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और मुस्लिम जगत के खिलाफ आक्रामकता का कृत्य बताया।

उन्होंने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर भी चिंता व्यक्त की और शांति तथा संप्रभुता के सम्मान का आह्वान किया।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के वरिष्ठ नेता मोहम्मद फारूक इंकलाबी ने सभा को संबोधित करते हुए खामेनेई की हत्या को ‘‘वैश्विक शांति के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और खतरनाक’’ बताया।

उन्होंने कहा कि ‘‘किसी संप्रभु राष्ट्र के नेतृत्व को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के खिलाफ है और इससे क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता के लिए गंभीर परिणाम हो सकते हैं’’।

इंकलाबी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुप्पी पर भी निराशा व्यक्त की और कहा कि संकट के दौरान ईरानी नेतृत्व के लिए कोई आधिकारिक बयान या संपर्क की कोई खबर नहीं मिली है।

राजौरी के मुख्य शहर में मुस्लिम युवाओं ने ‘‘ईरान एकजुटता मार्च’’ निकाला।

बेला रोड पर एकत्र होकर शहर में मार्च करते हुए प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इज़राइल के खिलाफ नारेबाजी की। इस बीच कुछ प्रदर्शनकारियों को अमेरिकी और इज़राइली नेतृत्व के पोस्टर जलाते हुए देखा गया।

जिले के कोटरांका में भी विरोध प्रदर्शन हुए।

तख्तियां और बैनर लेकर प्रदर्शनकारी शहर के केंद्र में जमा हुए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने की मांग की।

अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हवाई हमलों में शनिवार को खामेनेई मारे गए।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा