arun sao/ image source: ibc24
CG Dhan Kharidi News: रायपुर: छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। दरअसल, राज्य में धान खरीदी को लेकर सियासत गरमा गई है। यहां से एक खबर सामने आई कि धान बेचकर कांग्रेस के एक नेता और उनके परिवार ने भारी मुनाफा कमाया। जैसे ही यह मामला सार्वजनिक हुआ, राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। कांग्रेस की ओर से संबंधित नाम सार्वजनिक किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई गई है और इसे राजनीतिक द्वेष की कार्रवाई बताया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।
इधर, मामले में डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब भाजपा नेताओं के नाम सार्वजनिक करने में उन्हें कोई संकोच नहीं होता था, लेकिन आज विपक्ष में आते ही उनके मापदंड बदल गए हैं। साव ने तंज कसते हुए कहा कि यही दोहरी नीति कांग्रेस को राजनीतिक गणित में लगातार नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जनता सब देख रही है और बार-बार चुनावी हार के बाद भी कांग्रेस सबक लेने को तैयार नहीं है।
कांग्रेस द्वारा किसानों को प्रति एकड़ 3600 रुपये का नुकसान होने का आरोप लगाने पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने पांच साल के कार्यकाल में किसानों को ठगा और अब वही पार्टी आरोप लगा रही है। साव ने सवाल उठाया कि कांग्रेस ने दो साल का बकाया बोनस देने का वादा क्यों पूरा नहीं किया और एक भी किसान से 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का दावा क्यों सच्चाई में नहीं उतारा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने जो वादा किया था, उसे लगातार तीसरे साल निभाया है और किसानों के हित में काम किया है।