पुडुचेरी, 23 मार्च (भाषा) पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के बीच सीट बंटवारे को लेकर सोमवार को सहमति बन गई। समझौते के तहत कांग्रेस 16 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि द्रमुक को 14 सीट दी गई हैं।
द्रमुक अपने हिस्से की सीट में से सहयोगी दलों विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को भी सीट आवंटित करेगी, जो इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं।
द्रमुक के प्रतिनिधि एवं लोकसभा सदस्य एस जगतराचगन और कांग्रेस की पुडुचेरी इकाई के अध्यक्ष वी वैथिलिंगम ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में सीट बंटवारे के समझौते की घोषणा की।
पुडुचेरी में 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 14 सीट पर चुनाव लड़ा और दो सीट जीतीं। द्रमुक ने 13 सीट पर चुनाव लड़ा और छह सीट जीतीं। चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया आज समाप्त हो गई। नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च से शुरू होगी और उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च है।
केंद्र शासित प्रदेश की 30 सीट के लिए एक ही चरण में मतदान नौ अप्रैल को निर्धारित है।
भाषा रवि कांत रवि कांत दिलीप
दिलीप