पुडुचेरी का बजट विकासोन्मुखी : मुख्यमंत्री रंगासामी
पुडुचेरी का बजट विकासोन्मुखी : मुख्यमंत्री रंगासामी
पुडुचेरी, 29 अगस्त (भाषा) पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने शनिवार को कहा कि 24 अगस्त को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए पेश किया गया 14,300 करोड़ रुपये का बजट विकासोन्मुखी है और इसका मकसद बुनियादी ढांचे का विकास करना है।
एआईएनआरसी-भाजपा गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रहे रंगासामी ने पुडुचेरी की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया।
उन्होंने विधानसभा में बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा, “हम अभी और अधिक धनराशि चाहते हैं, ताकि हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों को तेजी से लागू किया जा सके।”
रंगासामी ने केंद्र से अपील की कि वह पुडुचेरी पर वर्षों से बकाया ऋण और उस पर देय ब्याज को माफ कर दे। उन्होंने कहा कि इस कदम से पुडुचेरी की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
रंगासामी ने कहा कि गरीबी रेखा से ऊपर (एपीएल) के परिवारों को एलपीजी सिलेंडर पर दी जाने वाली सब्सिडी को मौजूदा 150 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसी तरह गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के परिवारों के लिए एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी 300 रुपये से बढ़ाकर 350 रुपये कर दी जाएगी।
रंगासामी ने कहा कि कारसुर गांव में विशाल जमीन पर “विशेष आर्थिक क्षेत्र परियोजना” के तहत औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के मकसद से कताई मिल, सहकारी चीनी मिल और सार्वजनिक क्षेत्र के कुछ अन्य उपक्रमों जैसी प्रमुख परियोजनाओं को फिर से शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप

Facebook


