झारखंड में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान शुरु
झारखंड में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान शुरु
रांची, 28 जून (भाषा) झारखंड सरकार ने रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों में तीन दिवसीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत की, जिसके तहत पांच वर्ष से कम उम्र के 61.26 लाख बच्चों को लक्षित किया गया है।
अभियान की शुरुआत यहां सदर अस्पताल में राज्य के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा और रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने की।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार को राज्य भर के 24,507 पोलियो बूथों पर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को टीका लगाएंगी, जो बूथों पर नहीं पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि पांच वर्ष से कम उम्र के कुल 61.26 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी।
डॉ. कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “रांची जिले में इस अभियान के दौरान पांच लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए लगभग 3,900 बूथ बनाए गए हैं और करीब 8,000 स्वास्थ्यकर्मियों को तैनात किया गया है। मैं अभिभावकों से आग्रह करता हूं कि वे रविवार को अपने बच्चों को नजदीकी बूथ पर लेकर आएं।”
सिविल सर्जन ने कहा कि इसके बाद अगले दो दिनों में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगे, जिन्हें रविवार को दवा नहीं मिल पाई।
इससे पहले, 24 जून को स्वास्थ्य विभाग ने एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस), पंचायती राज, ग्रामीण विकास, शिक्षा और सूचना एवं जनसंपर्क विभागों को समन्वय सुनिश्चित करने और अभियान को एक व्यापक जन अभियान बनाने का निर्देश दिया था।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


