अमृतसर, 29 मई (भाषा) पंजाब के अमृतसर में जीटी रोड स्थित शुभम एन्क्लेव के श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के स्विमिंग पूल में शुक्रवार शाम 12वीं कक्षा के 18 वर्षीय छात्र की कथित तौर पर रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृत छात्र की मां सुनीता के अनुसार, उनका बेटा आर्यन स्कूल में आयोजित तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने गया था।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद आर्यन को रात करीब आठ बजे नोवा मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुनीता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद स्कूल प्रबंधन के सदस्य वहां से चले गए और बाद में उनसे संपर्क नहीं हो सका।
उन्होंने दावा किया कि परिवार को आर्यन की स्विमिंग पूल में हुई मौत के सटीक कारणों के बारे में सूचित नहीं किया गया। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी- ईस्ट) रविंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि उन्हें आश्चर्य है कि स्कूल प्रबंधन या परिवार में से किसी ने भी तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना नहीं दी।
उन्होंने बताया कि इस घटना की गहन जांच आवश्यक है।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव