होशियारपुर (पंजाब), 25 फरवरी (भाषा) होशियारपुर केंद्रीय जेल से बुधवार को सरकारी अस्पताल ले जाते समय एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गई, जिसके बाद उसके परिवार के सदस्यों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के कारण लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बाल्मिक मोहल्ला निवासी मुनीश भट्टी को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज दो मामलों में दो फरवरी, 2025 को केंद्रीय जेल भेजा गया था।
पुलिस उपाधीक्षक (केंद्रीय जेल) मनजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि भट्टी ने सुबह बेचैनी की शिकायत की और उसे तुरंत होशियारपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भट्टी के परिजनों और पड़ोसियों ने जेल अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना दिया। प्रदर्शनकारियों का दावा था कि भट्टी की बिगड़ती सेहत के बावजूद उसे समय पर चिकित्सा उपचार नहीं दिया गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
हालांकि, ढिल्लों ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उचित प्रक्रिया का पालन किया गया था।
पुलिस उपाधीक्षक (शहर) देवदत्त शर्मा ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी, जिसके बाद उन्होंने धरना खत्म किया।
भाषा शफीक माधव
माधव