पंजाब भाजपा ने पार्टी कार्यालयों पर हमलों की साजिश रचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
पंजाब भाजपा ने पार्टी कार्यालयों पर हमलों की साजिश रचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
चंडीगढ़, 12 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को राज्य में पार्टी के कार्यालयों पर हुए हमलों की ‘साजिश रचने वालों’ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा और चेतावनी दी कि भाजपा उसे पंजाब में ‘ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले बंगाल जैसी स्थिति’ पैदा करने की अनुमति नहीं देगी।
जाखड़ ने दावा किया कि एक ‘सुनियोजित साजिश’ के तहत सोमवार को लुधियाना, बटाला, तरन तारन और जीरकपुर में पार्टी कार्यालयों पर ‘हमला’ किया गया, जिसमें कुछ उपद्रवियों ने पार्टी नेताओं पर स्याही फेंकी और कार्यालयों में तोड़फोड़ की।
जाखड़ ने सुभाष शर्मा, परमिंदर सिंह बराड़, संजीव वशिष्ठ और विनीत जोशी सहित पार्टी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और भाजपा कार्यालयों में ‘गुंडागर्दी’ करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए जाखड़ ने आरोप लगाया कि वह पंजाब में ऐसी स्थिति पैदा कर रही है जैसी पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम की घोषणा से पहले थी।
मोहाली में पत्रकारों से बात करते हुए जाखड़ ने कहा, ‘सोमवार को लुधियाना, बटाला, तरनतारन और जीरकपुर में भाजपा कार्यालयों के साथ जो कुछ भी हुआ वह एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया था। हमारे कार्यालयों पर हमला किया गया और स्याही फेंकी गई।’
उन्होंने कहा, ‘यह सब काफी सुनियोजित तरीके से किया गया था और इसके पीछे कोई न कोई जरूर रहा होगा।’
इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पुलिस जांच को इन हमलों की ‘साजिश रचने’ वाले लोगों को ढूंढने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘हमें बताएं कि आदेश किसने दिए – क्या यह आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेतृत्व ने दिए या उसके दिल्ली के नेतृत्व ने? हम चाहते हैं कि उनका पर्दाफाश हो। किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए।’
तरन तारन में सोमवार को 10-12 अज्ञात लोगों ने भाजपा कार्यालय में घुसकर पार्टी के खिलाफ नारे लगाए और कार्यालय में स्याही फेंक दी। लुधियाना में भी कुछ अज्ञात लोगों द्वारा भाजपा नेता गुरदेव शर्मा देबी पर काली स्याही फेंकने के बाद तनाव का माहौल रहा।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


