चंडीगढ़, 28 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी गुरु रविदास के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में ‘समरसता संकल्प अभियान’ शुरू करेगी।
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार से शुरू होकर 20 फरवरी, 2027 (माघ पूर्णिमा) तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य पंजाब भर में गुरु रविदास के समानता, गरिमा, सामाजिक सद्भाव और सामाजिक न्याय के शाश्वत संदेश का प्रसार करना है।
ढिल्लों ने एक बयान में कहा कि इस अभियान की शुरुआत बुधवार को ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता दीप महोत्सव’ के साथ होगी, जिसके तहत पंजाब भर में गुरु रविदास मंदिरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
इसके अलावा, धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक ‘लंगर’ भी आयोजित किए जाएंगे।
बयान के अनुसार, 29 जुलाई से 10 सितंबर तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन कार्यक्रम’ होगा। इस कार्यक्रम के तहत वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर में स्थित गुरु रविदास की जन्मस्थली से ली गई मिट्टी से भरा एक ‘कलश’ पूरे पंजाब में ले जाया जाएगा और अंत में इसे सम्मानपूर्वक गुरु रविदास मंदिरों को सौंप दिया जाएगा।
ढिल्लों ने बताया कि इस अभियान में 29 जुलाई से 31 अगस्त तक चलने वाला ‘संत संपर्क अभियान’ भी शामिल होगा। इस दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ता गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संतों का आशीर्वाद लेंगे।
पांच अक्टूबर से पांच नवंबर तक चलने वाली ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ के माध्यम से गुरु रविदास के समानता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जालंधर के डेरा सच्चखंड बल्लां से वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर तक पहुंचाया जाएगा।
इसके बाद 26 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक ‘श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत छात्रावासों में ‘समरसता संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि छात्रों को गुरु रविदास की शिक्षाओं और ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण से परिचित कराया जा सके।
पंजाब भर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए ढिल्लों ने पार्टी के राज्य महासचिव जगमोहन सिंह राजू की अध्यक्षता में एक राज्य-स्तरीय समिति का गठन किया है।
भाषा सुरभि सुरेश
सुरेश