पंजाब: बीएसएफ ने सीमा पार तस्करी की कोशिश नाकाम की, मादक पदार्थ जब्त किये

Ads

पंजाब: बीएसएफ ने सीमा पार तस्करी की कोशिश नाकाम की, मादक पदार्थ जब्त किये

  •  
  • Publish Date - October 18, 2025 / 06:47 PM IST,
    Updated On - October 18, 2025 / 06:47 PM IST

चंडीगढ़, 18 अक्टूबर (भाषा) पंजाब में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिए सीमा पार से तस्करी की कोशिशों को नाकाम करते हुए तीन किलोग्राम से ज्यादा ‘क्रिस्टल मेथामफेटामीन’ (एक प्रकार का मादक पदार्थ) एवं 600 ग्राम हेरोइन जब्त की। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने अमृतसर के भैणी राजपुताना गांव के पास एक खेत से 3.675 किलोग्राम ‘क्रिस्टल मेथामफेटामीन’ से भरा एक बड़ा पैकेट जब्त किया।

‘क्रिस्टल मेथामफेटामीन’ को ‘आइस’ भी कहा जाता है।

बीएसएफ ने खुफिया शाखा से मिली गुप्त जानकारी के बाद इलाके में व्यापक तलाशी अभियान के दौरान यह जब्ती की।

अधिकारी ने बताया कि यह पैकेट पीले रंग की टेप से लिपटा हुआ था, जिस पर धातु का एक छल्ला और रोशनी पर चमकने वाली पट्टियां लगी हुई थीं, जिससे पता चलता है कि इसे ड्रोन से गिराया गया था।

बीएसएफ के जवानों ने एक अन्य घटना में पंजाब पुलिस के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया और फिरोजपुर जिले के टिंडीवाला गांव के पास एक खेत से 602 ग्राम हेरोइन का एक पैकेट जब्त किया।

बीएसएफ के जवानों ने इसके अलावा अमृतसर के रोरनवाला खुर्द गांव के पास एक खेत में पीले रंग की टेप में लिपटी एक पिस्तौल बरामद की।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन