पंजाब: चन्नी खेमा कल बघेल से मिलेगा; वडिंग ने कहा-आप हम सभी को एक साथ देखेंगे
पंजाब: चन्नी खेमा कल बघेल से मिलेगा; वडिंग ने कहा-आप हम सभी को एक साथ देखेंगे
चंडीगढ़, 10 जुलाई (भाषा) पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शनिवार को पार्टी के प्रदेश प्रभारी महासचिव भूपेश बघेल के साथ बैठक करेंगे।
बघेल तीन दिन पहले राज्य में पार्टी नेतृत्व में किसी भी तरह के बदलाव की संभावना को खारिज कर चुके हैं।
कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने यहां संवाददाताओं के सवाल पर कहा कि बघेल ने उन्हें बताया है कि शनिवार को एक बैठक तय की गई है।
उन्होंने कहा कि बघेल संबंधित नेताओं से अलग-अलग बात करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, चन्नी, सुखजिंदर रंधावा और राणा गुरजीत उन नेताओं में शामिल हो सकते हैं, जो बघेल से मुलाकात करेंगे।
यह पूछे जाने पर कि क्या चन्नी खेमे ने इस बात पर ज़ोर दिया था कि वडिंग बैठक का हिस्सा न हों, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
यह पूछे जाने पर कि जालंधर से मौजूदा सांसद और पंजाब में पार्टी की प्रचार समिति के अध्यक्ष चन्नी कब साथ में नज़र आएंगे, वडिंग ने कहा, ‘‘एक-दो दिन में आप हम सभी को एक साथ देखेंगे।’’
उन्होंने कहा कि वह किसी भी नेता से कोई नाराजगी नहीं रखते और कांग्रेस एकजुट है।
यह पूछे जाने पर कि चन्नी खेमा प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के तौर पर उन्हें स्वीकार नहीं कर रहा है, वडिंग ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे कोई एक ऐसा वरिष्ठ नेता बताइए जिसने कहा हो कि वह मुझे स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। चन्नी, सुखजिंदर रंधावा, अरुणा चौधरी, प्रताप सिंह बाजवा – बताइए, इनमें से किस नेता ने ऐसा कहा है?’’
कांग्रेस की पंजाब इकाई में नेतृत्व को लेकर जारी हलचल के बीच, चन्नी के करीबी माने जाने वाले वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को अपना रुख नरम किया और बघेल से मिलने का फ़ैसला किया।
जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह ने कहा, ‘‘हम बघेल से मिलेंगे और अपनी बात रखेंगे।’’
भाषा
नेत्रपाल दिलीप
दिलीप

Facebook


