पंजाब निकाय चुनाव: 48 प्रतिशत से अधिक वार्डों में ‘आप’ की जीत, कांग्रेस दूसरे स्थान पर
पंजाब निकाय चुनाव: 48 प्रतिशत से अधिक वार्डों में ‘आप’ की जीत, कांग्रेस दूसरे स्थान पर
चंडीगढ़, 29 मई (भाषा) पंजाब निकाय चुनाव में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने 48 प्रतिशत से अधिक वार्डों में जीत दर्ज की, वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जनता ने सत्ताधारी पार्टी की विकासवादी नीतियों का समर्थन किया और विपक्ष की ‘नफरत की राजनीति’ को परास्त किया।
पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, ‘आप’ ने कुल 1,977 वार्डों में से 958 में जीत दर्ज की जबकि कांग्रेस 397 वार्ड जीतकर दूसरे स्थान पर रही, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने 191 वार्ड जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 172 वार्डों में जीत का परचम फहराया।
इन शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 251 वार्डों में जीत दर्ज की।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी सात वार्ड में जीत हासिल की।
आयोग के मुताबिक, अभी मतगणना जारी है और एक वार्ड का परिणाम घोषित नहीं हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई।
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ‘आप’ जीत पर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि जनता ने ‘आप’ सरकार के विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने विपक्ष की नफरत की राजनीति को हरा दिया।
मान ने कहा, “जनता ने विभाजनकारी राजनीति करने वाली पार्टियों को नकार दिया है।”
इससे पहले, विपक्षी दलों ने ‘आप’ सरकार पर चुनावों के दौरान सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया था।
इन निकाय चुनावों को सत्तारूढ़ पार्टी के लिए एक अग्निपरीक्षा के रूप में देखा जा रहा है, जो राज्य में अपनी सत्ता बरकरार रखने की उम्मीद कर रही है।
भाषा वैभव जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


