नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) पंजाब के प्रवासी प्रवासी मामलों के मंत्री रवजोत सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू से मुलाकात की और पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण वहां बड़ी संख्या में फंसे राज्य के लोगों के लिए तत्काल बचाव उड़ानें शुरू करने की मांग की।
सिंह ने उस क्षेत्र के लिए विशेष उड़ानों के संचालन और ‘शोषणकारी’ हवाई किरायों पर सीमा लगाने की भी मांग की।
मंगलवार को इस भेंट के दौरान, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी फोन पर नायडू से बातचीत की तथा पश्चिम एशिया में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने उनके साथ खाड़ी देशों में फंसे पंजाब के लोगों से संबंधित व्यापक आंकड़े भी साझा किए।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि लगातार तीसरे दिन व्यवधान जारी रहने के कारण भारतीय एयरलाइन ने दिनभर में 357 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं। पश्चिम एशिया की स्थिति के चलते 28 फरवरी से अब तक भारतीय एयरलाइन द्वारा 1,100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।
मौजूदा हालात को देखते हुए सिंह ने कहा, ‘‘उड़ानों को फिर से शुरू करना और वहां से लोगों को निकालने की सेवाएं चलाना बेहद जरूरी है। अपने लोगों को इस संकट में फंसे रहने नहीं दिया जा सकता।’’
पंजाब सरकार के एक बयान में कहा गया है कि उसके मंत्री ने नागर विमान मंत्री के सामने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और अस्थिरता के कारण पंजाबी प्रवासी समुदाय को हो रही कठिनाइयां सामने रखीं।
मंत्री ने कहा, “पंजाब की आबादी का एक बड़ा हिस्सा मध्य पूर्व के विभिन्न देशों में रहता और काम करता है। कई निर्धारित उड़ानों के रद्द होने से हमारे कई प्रवासी भाई-बहन फंसे हुए हैं तथा उनके परिवार वाले घर पर गहरे संकट में हैं।”
उन्होंने केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू से सभी सुरक्षित मार्गों पर परिचालन बहाल करने के लिए एयरलाइन के साथ समन्वय करने और यात्रियों की भीड़ को कम करने के लिए विशेष विमानों का संचालन करने का आग्रह किया।
टिकटों की बढ़ती कीमतों के सिलसिले में सिंह ने कहा कि कई एयरलाइनों ने अपने किराए को ‘शोषणकारी स्तर’ तक बढ़ा दिया है। उन्होंने केंद्र से इन मार्गों पर मूल्य सीमा लागू करने का आग्रह किया।
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए पंजाब के मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी बैठक के दौरान नायडू से फोन पर बातचीत की और आग्रह किया कि राज्य सरकार को पंजाबियों को बिना देरी किए सुरक्षित रूप से घर वापस लाने के लिए विशेष उड़ानों की व्यवस्था करने की अनुमति दी जाए।
मान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू से फोन पर बात की। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया है कि अरब देशों से पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी, जिनमें विशेष उड़ानों का संचालन भी शामिल है।’’
भाषा
राजकुमार रंजन
रंजन