पंजाब : मुख्यमंत्री मान ने संगरूर में खेल स्टेडियम की आधारशिला रखी
पंजाब : मुख्यमंत्री मान ने संगरूर में खेल स्टेडियम की आधारशिला रखी
संगरूर, 30 अप्रैल (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को यहां 14.63 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक स्टेडियम की आधारशिला रखी।
मान ने इस अवसर पर कहा कि गुणवत्तापूर्ण खेल अवसंरचना तक पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ एक मजबूत शिक्षा प्रणाली युवाओं को ‘‘उद्देश्य, प्रदर्शन और वैश्विक उपलब्धि’’ की ओर ले जाने की कुंजी है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक सतौज में 4.38 एकड़ में बन रहे स्टेडियम में बैडमिंटन, हैंडबॉल, जूडो, नेटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, कबड्डी और कराटे सहित कई प्रकार के खेलों का पेशवर प्रशिक्षण दिया जाएगा और इनसे संबंधी खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर मान ने कहा, “यह क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि यह स्टेडियम 14.63 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है। यह स्टेडियम 4.38 एकड़ क्षेत्र में निर्मित होगा और परिसर में विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।”
उन्होंने कहा, “स्टेडियम में 200 मीटर का एथलेटिक ट्रैक, दर्शकों और खिलाड़ियों के लिए पवेलियन और एक बहुउद्देशीय इनडोर स्पोर्ट्स हॉल होगा।”
मान ने कहा कि सतौज में बन रहे आधुनिक खेल स्टेडियम में बच्चों और युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने संतुलित विकास के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जब अच्छी शिक्षा के लिए स्कूल और खेल के लिए उपयुक्त मैदान दोनों उपलब्ध होते हैं, तब बच्चे अपने गांव, राज्य और देश का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन कर सकते हैं।
भाषा राखी धीरज
धीरज

Facebook


