पंजाब के मुख्यमंत्री की पत्नी ने पांच करोड़ रुपये मांगने के आरोप पर दी कानूनी कार्रवाई की चुनौती

Ads

पंजाब के मुख्यमंत्री की पत्नी ने पांच करोड़ रुपये मांगने के आरोप पर दी कानूनी कार्रवाई की चुनौती

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 12:19 AM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 12:19 AM IST

चंडीगढ़, 23 अगस्त (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर ने दुष्कर्म का एक मामला दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये मांगने के आरोपों को खारिज कर दिया है और आरोप लगाने वालों को चुनौती दी है कि वे या तो इसे साबित करें या कानूनी कार्रवाई का सामना करें।

पटियाला में रविवार को तीज के एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए गुरप्रीत कौर ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि वह ऐसे आरोपों से डरती नहीं हैं और उनका सामना करने के लिए तैयार हैं।

इन आरोपों पर अपनी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि बेबुनियाद आरोप लगाना आसान है। मैं इन बेबुनियाद आरोपों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। मैं न तो पहले डरी थी और न ही अब डरी हुई हूं। मैं उन्हें (जो ऐसे आरोप लगा रहे हैं) चुनौती देती हूं कि या तो वे अपने दावों को साबित करें या फिर कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।’

यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने एक शिकायत के आधार पर पंजाब सरकार और राज्य के पुलिस प्रमुख को नोटिस जारी किया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मुख्यमंत्री की पत्नी ने दुष्कर्म के एक मामले को दबाने के लिए पांच करोड़ रुपये की मांग की थी।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश