पंजाब : डीजीपी ने ‘सरकारी कार्यक्रम’ में उपस्थिति के फैसले का बचाव किया
पंजाब : डीजीपी ने ‘सरकारी कार्यक्रम’ में उपस्थिति के फैसले का बचाव किया
चंडीगढ़, 19 फरवरी (भाषा) पंजाब के मोगा में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थिति को लेकर विपक्ष के निशाने पर आए पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बृहस्पतिवार को अपना बचाव करते हुए कहा कि वह एक सरकारी कार्यक्रम था।
यादव और मुख्य सचिव केएपी सिन्हा को मोगा में 16 फरवरी को आम आदमी पार्टी सरकार के नशा-विरोधी कार्यक्रम में उपस्थित होने के कारण कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
विपक्षी दलों के नेताओं ने भगवंत मान सरकार पर नौकरशाही का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।
यादव ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा, ‘‘यह एक सरकारी कार्यक्रम था। यह नशा-विरोधी कार्यक्रम था। मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहूंगा।’’
यादव जालंधर में पुलिस लाइंस स्थित ‘मादक पदार्थ निरोधक कार्य बल’ (एएनटीएफ) जालंधर रेंज भवन का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
यादव और सिन्हा ने मोगा के किल्ली चाहलान गांव में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित भी किया था।
मान के अलावा, इस कार्यक्रम में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और कई कैबिनेट मंत्री और विधायक भी उपस्थित थे।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


