एमएसपी में बढ़ोतरी से पंजाब के किसानों को बहुत लाभ होगा : भाजपा नेता चुघ

एमएसपी में बढ़ोतरी से पंजाब के किसानों को बहुत लाभ होगा : भाजपा नेता चुघ

एमएसपी में बढ़ोतरी से पंजाब के किसानों को बहुत लाभ होगा : भाजपा नेता चुघ
Modified Date: May 14, 2026 / 04:54 pm IST
Published Date: May 14, 2026 4:54 pm IST

चंडीगढ़, 14 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने केंद्र द्वारा 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि किये जाने का बृहस्पतिवार को स्वागत करते हुए कहा कि इससे पंजाब के किसानों सहित कृषि समुदाय को बहुत लाभ होगा।

केंद्र सरकार ने बुधवार को 2026-27 के खरीफ सत्र के लिए धान के एमएसपी में 72 रुपये की बढ़ोतरी करके इसे 2,441 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया जबकि दालों, तिलहन और कपास के लिए कीमतों में और अधिक वृद्धि का उद्देश्य आयात पर निर्भरता को कम करना और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना है।

चुघ ने कहा कि ग्रेड ए धान के लिए एमएसपी अब 2,461 रुपये प्रति क्विंटल और लंबे रेशे वाली कपास के लिए एमएसपी 8,667 रुपये प्रति क्विंटल होने से पंजाब के किसानों को भारी लाभ होगा।

भाजपा महासचिव ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर राज्य के किसानों के लिए कुछ भी नहीं किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ही है जो पंजाब के अन्नदाताओं को साल दर साल बिना किसी रुकावट के वास्तविक, ठोस और जमीनी स्तर के लाभ पहुंचाती रहती है।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘जब प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक, गतिशील और दूरदर्शी नेतृत्व की लहर पर सवार होकर भाजपा पंजाब में अपनी सरकार बनाएगी, तो राज्य के किसान यह अनुभव करेंगे कि व्यवहार में एक सच्ची ‘डबल इंजन’ सरकार का क्या अर्थ होता है।’’

चुघ ने कहा, ‘‘एमएसपी पर सीधी खरीद से हर गांव तक लाभ पहुंचेगा, कृषि अवसंरचना में निवेश कई गुना बढ़ेगा और कांग्रेस द्वारा लूटे गए तथा आम आदमी द्वारा उपेक्षित पंजाब के लंबे समय से पीड़ित किसानों को अंततः वह सम्मान और समृद्धि मिलेगी जिसके वे वास्तव में हकदार हैं।’’

भाजपा नेता ने पंजाब की जनता से ‘‘धोखे की राजनीति’’ को खारिज करने और केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी को राज्य के लिए ‘‘अन्नदाता समृद्धि’’ का एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखने का अवसर देने का आह्वान किया।

भाषा धीरज नरेश

नरेश


लेखक के बारे में