पंजाब: सीमा पार हथियार और मादक पदार्थों का नेटवर्क उजागर, 5 किग्रा से अधिक हेरोइन और 10 हथियार बरामद
पंजाब: सीमा पार हथियार और मादक पदार्थों का नेटवर्क उजागर, 5 किग्रा से अधिक हेरोइन और 10 हथियार बरामद
चंडीगढ़, 25 जून (भाषा) पंजाब पुलिस ने सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार और मादक पदार्थों के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है और इस मामले में एक अफगान नागरिक सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनसे पांच किलोग्राम से अधिक हेरोइन और 10 अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए, जिनमें दो सब-मशीन गन भी शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने उनके पास से 30.38 लाख रुपये भी बरामद किए।
गौरव यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे उन संचालकों से जुड़े हुए थे, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए यह नेटवर्क चला रहे थे।
उन्होंने बताया कि आरोपी खेप प्राप्त करते थे और मादक पदार्थों व अवैध हथियारों को आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। उन्होंने यह भी कहा कि यह नेटवर्क विभिन्न स्थानों पर वित्तीय लेनदेन के लिए हवाला चैनलों का भी इस्तेमाल करता था।
अमृतसर के इस्लामाबाद पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि मामले में विदेश आधारित नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की पहचान करने तथा बरामदगी और गिरफ्तारियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


