पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया

Ads

पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 03:11 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 03:11 PM IST

चंडीगढ़, 30 अप्रैल (भाषा) पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए फिरोजपुर से उसके एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस की जालंधर स्थित ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ इकाई ने कपूरथला से चीन निर्मित 4जी कनेक्टिविटी वाले सौर ऊर्जा संचालित सीसीटीवी उपकरण भी बरामद किए हैं।

यादव के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोजपुर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ ​​सुखा के रूप में हुई है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जांच में पता चला है कि आरोपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सेना से जुड़े प्रतिष्ठानों सहित संवेदनशील जगहों की निगरानी के लिए विभिन्न स्थानों पर सौर ऊर्जा से चलने वाले सीसीटीवी कैमरे लगा रहा था और मोबाइल एप्लीकेशन के जरिये पाकिस्तान स्थित संचालकों को सीधे तौर पर वीडियो भेज रहा था।

यादव के अनुसार, आईएसआई समर्थित जासूसी मॉड्यूल के खिलाफ अमृतसर के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा पारुल संतोष

संतोष