दिल्ली पुलिस ने चोरी के कई मामलों में शामिल युवक को गिरफ्तार किया, 30 लाख रुपये का माल बरामद

Ads

दिल्ली पुलिस ने चोरी के कई मामलों में शामिल युवक को गिरफ्तार किया, 30 लाख रुपये का माल बरामद

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 04:17 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 04:17 PM IST

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के शाहदरा जिले में चोरी की कई वारदात में शामिल 34 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करके उसके पास से 30 लाख रुपये मूल्य का आभूषण और नकदी बरामद की गई है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी दिन में रेकी करके बंद घरों की पहचान करता था और रात में उसमें चोरी करता था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी पकड़े जाने से बचने के लिए निर्माणाधीन इमारतों और सुनसान रास्तों का इस्तेमाल करता था।

पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए करीब 30 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान जहांगीर उर्फ ​भाकू उर्फ ​शाहिद के रूप में हुई है, जो न्यू सीमापुरी का निवासी है। इलाके के कई घरों में चोरी होने की घटनाओं की जांच के तहत उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि जीटीबी एन्क्लेव थाने में इस महीने की शुरुआत में घर में चोरी का मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद आरोपियों का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया। आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।”

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने 64,000 रुपये नकद, लॉकेट सहित पांच सोने की चेन, पांच सोने की अंगूठियां, चार सोने के कड़े, 15 चांदी की पायलें और सोने-चांदी की कई अन्य वस्तुएं बरामद कीं।

अधिकारी ने बताया कि बरामद सभी वस्तुओं को जब्त कर लिया गया है और चोरी के मामलों से मिलान किया जा रहा है।

जांचकर्ताओं ने बताया कि जहांगीर पेशे से मजदूर है और कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अतीत में भी चोरी के मामलों में कई बार गिरफ्तार किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि वह कथित तौर पर चोरी के गहने रेहड़ी वालों और कबाड़ व्यापारी को बेचता था, जबकि नकदी का इस्तेमाल मादक पदार्थों की खरीद और अन्य गतिविधियों के लिए करता था।

पुलिस रिकॉर्ड से पता चलता है कि वह 2011 से सीमापुरी, विवेक विहार और ज्योति नगर थानों में दर्ज कई मामलों में संलिप्त था। वह कई मामलों में फरार था और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे।

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष