पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित दो जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया
पंजाब पुलिस ने आईएसआई समर्थित दो जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया
चंडीगढ़, 30 अप्रैल (भाषा) पंजाब पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ‘आईएसआई’ समर्थित दो जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है जो संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों का ‘लाइव वीडियो’ पाकिस्तान में अपने हैंडलर के पास भेजने के लिए चीन निर्मित सौर ऊर्जा संचालित उन्नत सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल कर रहे थे।
उसने कहा कि पंजाब पुलिस की जालंधर स्थित ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ इकाई ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर तथा चीन निर्मित 4जी कनेक्टिविटी वाला सौर ऊर्जा आधारित एक सीसीटीवी बरामद कर एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
उसने बताया कि कपूरथला पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान में दूसरे मॉड्यूल का भी भंडाफोड़ किया, जिसके फलस्वरूप दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और विदेशी हैंडलर से जुड़े चार मोबाइल फोन, सिम आधारित एक सीसीटीवी कैमरा और एक वाईफाई सेट बरामद किया गया।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि ये मॉड्यूल रक्षा बलों से जुड़े प्रतिष्ठानों समेत संवेदनशील जगहों की निगरानी के लिए विभिन्न स्थानों पर सौर ऊर्जा से चलने वाले एवं सिम आधारित सीसीटीवी कैमरे लगा रहे थे और पाकिस्तान स्थित ‘हैंडलर’ को सीधे तौर पर वीडियो भेज रहे थे।
उन्होंने बताया, “ये चीनी कैमरे ऑफ-ग्रिड निगरानी के लिए आदर्श हैं क्योंकि ये 4 जी कनेक्टिविटी और सौर ऊर्जा से चलते हैं, जिससे पारंपरिक तार व्यवस्था की आवश्यकता नहीं होती।”
‘काउंटर इंटेलिजेंस ऑपरेशन’ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा के रूप में हुई है, जो फिरोजपुर के सहंके गांव का निवासी है।
कपूरथला पुलिस द्वारा चलाए गए दूसरे अभियान में गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान फिरोजपुर निवासी सोना और संदीप सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है।
जालंधर के सहायक पुलिस महानिरीक्षक (काउंटर इंटेलिजेंस) सिमरतपाल सिंह ढिंडसा ने जालंधर अभियान का विवरण साझा करते हुए बताया कि सुखविंदर सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने एक सीसीटीवी कैमरा, ‘सोलर प्लेट’ और एक सिम कार्ड बरामद किया है।
कपूरथला मॉड्यूल के बारे में जानकारी देते हुए, कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव तोरा ने बताया कि सैन्य छावनी के पास निगरानी से संबंधित गुप्त सूचना के आधार पर, कपूरथला के मॉडल टाउन में एक दुकान पर छापा मारा गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने सैन्य गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पास के एक खंभे पर सिम आधारित कैमरा लगाने के लिए दुकान किराए पर दी थी।
एसएसपी ने कहा,‘‘जांच में यह भी पता चला है कि पाकिस्तान स्थित ‘फौजी’ नामक एक एजेंट ने कैमरा लगाने के लिए आरोपियों को 35,000 रुपये दिए थे।’’
उन्होंने कहा कि आरोपी संदीप सिंह ड्रग तस्करी में भी शामिल था, उसने उसी पाकिस्तानी हैंडलर द्वारा ड्रोन के माध्यम से भेजी गई एक किलो हेरोइन को वितरित करने के लिए 50,000 रुपये प्राप्त किए थे।
इस संबंध में, कपूरथला थाने और अमृतसर राज्य विशेष संचालन प्रकोष्ठ (एसएसओसी) थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सरकारी गोपनीयता अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
भाषा राजकुमार शफीक
शफीक

Facebook


