चंडीगढ़, 16 सितंबर (भाषा) पंजाब पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ शाखा ने सीमा पार तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 27 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एक विदेश निर्मित .30 बोर पिस्तौल और तीन कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी दुबई के एक व्यक्ति और सीमा पार तस्करों के साथ समन्वय में काम कर रहे थे तथा उसके निर्देश पर आगे इसकी तस्करी कर रहे थे।”
उन्होंने बताया कि इस संबंध में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) में प्राथमिकी दर्ज की गई।
अधिकारी ने बताया कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान करने और इसकी कड़ियों का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।
यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस सीमा पार तस्करी पर कड़ी निगरानी बनाए रखने और मादक पदार्थों व हथियारों की तस्करी तथा संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा