पंजाब : एसआईटी ने 2015 के बेहबल कलां पुलिस गोलीबारी मामले में भाजपा नेता सांपला को तलब किया

Ads

पंजाब : एसआईटी ने 2015 के बेहबल कलां पुलिस गोलीबारी मामले में भाजपा नेता सांपला को तलब किया

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 07:28 PM IST

होशियारपुर, 21 जून (भाषा) बेहबल कलां पुलिस गोलीबारी घटना की जांच कर रहे पंजाब पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता विजय कुमार सांपला को 22 जून को पूछताछ के लिए बुलाया है।

आधिकारिक नोटिस के अनुसार, सांपला को पूछताछ और अपना बयान दर्ज कराने के लिए जालंधर में पंजाब सशस्त्र पुलिस परिसर में पेश होने के लिए कहा गया है।

नोटिस में कहा गया कि एसआईटी का मानना ​​है कि सांपला मामले के तथ्यों और परिस्थितियों से वाकिफ हैं और चेतावनी दी गई है कि आदेश न मानने पर कानून के लागू प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

नोटिस मिलने की पुष्टि करते हुए, सांपला ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करना चाहते हैं और उन्होंने पेश होने की तारीख का समय आगे बढ़ाने के लिए औपचारिक रूप से अनुरोध किया है।

आधिकारिक समन दस्तावेज पर हाथ से लिखे नोट में, सांपला ने संगठन से जुड़े पहले से तय कामों का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन अभी 20 जून से 22 जून तक राज्य के आधिकारिक दौरे पर हैं और उनका वहां मौजूद रहना जरूरी है।

सांपला ने कहा, ‘‘भले ही इस मामले से मेरा कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन जब अगली तारीख तय हो जाएगी, तो मैं उनके मन में मौजूद किसी भी शक को दूर करने के लिए जरूर पेश होऊंगा।’’

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप