चंडीगढ़, 17 मई (भाषा) पंजाब के गुरदासपुर में पिछले महीने हथगोले फेंकने की घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने गुरदासपुर में ‘काउंटर इंटेलिजेंस विंग’ के समन्वय से ये गिरफ्तारियां कीं। पुलिस ने एक आरोपी के पास से एक हथगोला भी बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि 27 अप्रैल को गुरदासपुर के गीता भवन रोड के पास एक दुकान के बाहर दो अज्ञात युवकों ने एक हथगोला फेंका था, हालांकि पिन लगे रह जाने के कारण गोला नहीं फटा था।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने एक पोस्ट में बताया, “एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुरदासपुर थाना पुलिस ने ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ के समन्वय से गीता भवन रोड के पास 27 अप्रैल को बरामद हथगोले से जुड़े मामले को सुलझा लिया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।”
उन्होंने बताया कि तकनीकी जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हथगोला फेंकने में शामिल आरोपियों की पहचान की।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि जांच के दौरान एक आरोपी के घर से एक अन्य हथगोला बरामद कर लिया गया।
यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी विदेश में बैठे अपने एक आका के निर्देश पर काम कर रहे थे और उन्हें दो हथगोले मिले थे।
उन्होंने बताया कि इस मामले में गुरदासपुर स्थित सिटी थाने में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारी ने बताया कि विदेशी आकाओं और स्थानीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र अमित
अमित