पंजाबी गायक राजवीर जवंदा की हालत में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं: अस्पताल

Ads

पंजाबी गायक राजवीर जवंदा की हालत में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं: अस्पताल

  •  
  • Publish Date - October 1, 2025 / 06:37 PM IST,
    Updated On - October 1, 2025 / 06:37 PM IST

चंडीगढ़, एक अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए पंजाबी गायक राजवीर जवंदा की हालत में पांच दिन बाद भी बुधवार को कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ है। यह जानकारी अस्पताल के अधिकारियों ने दी।

फोर्टिस अस्पताल ने एक बयान में कहा कि 35 वर्षीय गायक की तंत्रिका तंत्र की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और कोई महत्वपूर्ण ​​सुधार नहीं देखा गया है।

जवंदा (35) मोटरसाइकिल से शिमला जाते समय 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

पुलिस ने पहले बताया था कि यह दुर्घटना बद्दी इलाके में तब हुई, जब गायक ने मोटरसाइकिल पर से अपना नियंत्रण खो दिया। गायक को शनिवार को ‘बेहद गंभीर’ हालत में पंजाब के मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल लाया गया था।

फोर्टिस अस्पताल ने शनिवार को बताया था कि सड़क दुर्घटना में गायक के सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं हैं और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

जवंदा का हालचाल जानने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को अस्पताल पहुंचे थे। कई पंजाबी कलाकारों ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

लुधियाना के जगरांव के गांव पोना के रहने वाले जवंदा को उनके गानों ‘तू दिस पेंदा’, ‘खुश रह कर’, ‘सरदारी’, ‘सरनेम’, ‘आफरीन’, ‘लैंडलॉर्ड’, ‘डाउन टू अर्थ’ और ‘कंगनी’ के लिए जाना जाता है।

जवंदा ने 2018 में गिप्पी ग्रेवाल अभिनीत फिल्म ‘सूबेदार जोगिंदर सिंह’, 2019 में ‘जिंद जान’ और 2019 में ‘मिंडो तसीलदारनी’ में भी अभिनय किया।

भाषा अमित नरेश

नरेश