चंडीगढ़, एक सितंबर (भाषा) हरियाणा कांग्रेस ने उत्तराखंड में पार्टी नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में मंगलवार को यहां प्रदर्शन किया और इसे वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम स्थल पर हुए धार्मिक अनुष्ठान को ‘जातिवादी रंग देने’ का आरोप लगाते हुए वाल्मीकि समुदाय के एक सदस्य की शिकायत पर हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी दर्ज किए जाने की आलोचना करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में हरियाणा कांग्रेस के विधायकों और अन्य नेताओं ने यहां हरियाणा कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
हरियाणा कांग्रेस के विधायक, जिनमें हुड्डा, गीता भुक्कल, रघुवीर सिंह कादियान और अन्य नेता शामिल थे, राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग वाली तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
हुड्डा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ‘शुद्धीकरण’ समारोह के मामले में राहुल गांधी ने ही प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी।
हुड्डा ने कहा कि इसके बजाय राहुल गांधी के खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया गया।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा, ‘यह गलत है। इससे पता चलता है कि वे दलित विरोधी हैं।’
प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई है, जिनमें समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने और जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धाराएं भी लगाई गई हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘शुद्धीकरण’ के मुद्दे को लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि यह छुआछूत की प्रथा का एक रूप है, जिसे अपनाया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी।
आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खरगे की जनसभा के बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर वहां ‘शुद्धीकरण यज्ञ’ किए जाने से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।
कांग्रेस ने इस घटना को भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता का प्रतिबिंब बताया है, वहीं भाजपा ने इस कार्रवाई का बचाव करते हुए दावा किया कि खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल पर कचरा फैला रह गया था और वहां ऐसे नारे लगाए गए जो धार्मिक स्थल के लिए अनुचित थे।
राहुल गांधी ने 29 अगस्त को नयी दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में इस घटना की आलोचना की और ‘शुद्धीकरण’ करने वालों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
भाषा तान्या वैभव
वैभव