नयी दिल्ली/भुवनेश्वर, 30 मार्च (भाषा) भाजपा ने पार्टी सांसद निशिकांत दुबे द्वारा बीजू पटनायक पर की गई टिप्पणी से खुद को अलग करने की कोशिश की। पार्टी के वरिष्ठ नेता बैजयंत जय पांडा ने कहा कि दिवंगत नेता पटनायक कद्दावर शख्सियत थे और उनकी देशभक्ति पर किसी भी प्रकार का संदेह ‘‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’’ है।
दुबे ने 27 मार्च को एक बयान में दावा किया था कि 1960 के दशक में चीन के खिलाफ युद्ध के दौरान पटनायक ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के बीच एक कड़ी के रूप में काम किया था।
विवाद के बीच, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पांडा ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘बीजू अंकल कद्दावर शख्सियत थे, न केवल अपने दौर में ओडिशा के सबसे बड़े नेता, बल्कि राष्ट्र के अग्रणी नेताओं में से एक थे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वह आधुनिक भारत के महानतम देशभक्तों में से एक थे।”
ओडिशा के केंद्रपाड़ा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद पांडा ने दुबे का नाम लिए बिना कहा, ‘‘उनकी देशभक्ति पर सवाल उठाना मनगढ़ंत और सरासर हास्यास्पद है। उन पर इस तरह के हमले अशोभनीय, अज्ञानतापूर्ण और पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।’’
बीजू पटनायक के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी का विरोध करते हुए बीजू जनता दल (बीजद) ने सोमवार को राज्यसभा से बहिर्गमन किया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पोते चंद्र कुमार बोस ने भी दुबे के बयान की आलोचना की।
चंद्र कुमार बोस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बीजू पटनायक के खिलाफ एक गंभीर आरोप लगाया गया है, और इसकी स्पष्ट शब्दों में निंदा की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पटनायक बोस परिवार के बहुत करीब थे, खासकर उनके पिता अमिय नाथ बोस के, जो लोकसभा सदस्य और म्यांमा में राजदूत रहे थे।
भाषा आशीष अमित
अमित