लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाना ‘अर्बन नक्सल’ मानसिकता को दर्शता है: राठौड़
लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाना ‘अर्बन नक्सल’ मानसिकता को दर्शता है: राठौड़
जयपुर, पांच सितंबर (भाषा) राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने आगामी नगर निकाय चुनावों में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री समेत विभिन्न नेताओं के प्रचार करने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाना ‘‘अर्बन नक्सल’’ मानसिकता को दर्शाता है।
राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दल की अपनी संगठनात्मक और राजनीतिक व्यवस्था होती है। उन्होंने भाजपा नेताओं के निकाय चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने का बचाव किया।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जनता के बीच जाते हैं, उनसे संवाद करते हैं और रोड शो करते हैं। अशोक गहलोत या कांग्रेस नेताओं को इससे मानसिक तनाव क्यों है? वे भी जनता के बीच जा सकते हैं। उन्हें कौन रोक रहा है?’’
राजस्थान में होने वाले नगर निकाय चुनावों को सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण चुनावी परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।
राज्य की 309 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को होगा। इन चुनावों में 10 नगर निगमों, 51 नगर परिषदों और 248 नगर पालिकाओं में पार्षद के 10,245 पदों के लिए मतदान होगा।
पार्षद पदों के लिए मतगणना 14 सितंबर को होगी। शहरी स्थानीय निकायों के अध्यक्षों का चुनाव 21 सितंबर को, जबकि उप महापौर, उप सभापति और नगर पालिकाओं के उपाध्यक्षों का चुनाव 22 सितंबर को होगा।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब

Facebook


