रास चुनाव: गुजरात में भाजपा के चारों उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
रास चुनाव: गुजरात में भाजपा के चारों उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया
अहमदाबाद, आठ जून (भाषा) आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भााजपा) के चारों उम्मीदवारों ने सोमवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए और कांग्रेस के चुनाव न लड़ने की वजह से उनकी जीत फिलहाल तय लग रही है।
इस महीने के आखिर में शक्तिसिंह गोहिल का कार्यकाल खत्म होने के साथ, कांग्रेस का संसद के उच्च सदन में गुजरात से कोई प्रतिनिधि नहीं होगा।
गुजरात से राज्यसभा की चार सीटें खाली हो रही हैं। मौजूदा सांसद रामभाई मोकारिया, नरहरि अमीन और रमीलाबेन बारा (सभी भाजपा) और कांग्रेस के गोहिल का छह साल का कार्यकाल 21 जून को खत्म हो रहा है।
गोहिल राज्यसभा में गुजरात से अकेले कांग्रेस सदस्य हैं।
भाजपा उम्मीदवारों राजूभाई शुक्ला, मानसिंह परमार, मुकेशभाई राठवा और जितेंद्र कंजारिया ने जब गांधीनगर में विधानसभा परिसर में नामांकन पत्र जमा किए, तो मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, मंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा और पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
अगर किसी सीट पर एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं, तो 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना होगी।
भाषा वैभव नरेश
नरेश

Facebook


