राहुल गांधी ने संसद के अंदर और बाहर सही तरीके से उठाया पैलेट गन का मुद्दा: राजा

Ads

राहुल गांधी ने संसद के अंदर और बाहर सही तरीके से उठाया पैलेट गन का मुद्दा: राजा

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 07:47 PM IST

नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी. राजा ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल के मुद्दे को लेकर संसद मार्ग थाने के बाहर धरना देने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का समर्थन किया और कहा कि इस घटना से जवाबदेही तथा पुलिस को हथियारों के उपयोग का आदेश देने वाले व्यक्ति को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं।

राजा ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा कि संसद सत्र के दौरान प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पैलेट गन के इस्तेमाल की बात विरोध प्रदर्शन और उसके बाद हुए घटनाक्रम के बाद सामने आई।

उन्होंने कहा कि संसद में इस मुद्दे पर सवाल उठाए गए, लेकिन ‘‘उस प्रदर्शन के दौरान जो हुआ, उसकी जिम्मेदारी लेने के लिए कोई तैयार नहीं था।’’

राजा ने सवाल किया, ‘‘युवा छात्रों के साथ इस तरह व्यवहार क्यों किया गया? उन्हें क्यों पीटा गया?’’

उन्होंने इस मामले में स्पष्टीकरण देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसद में मौजूद नहीं रहने को लेकर भी आलोचना की।

उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी सदन में नहीं गए और कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। दिल्ली पुलिस सीधे केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय के अधीन है। अमित शाह भी सदन में नहीं गए और कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया।’’

राजा ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश देने वाले अधिकारी के बारे में जवाब मांगा।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस को पैलेट गन इस्तेमाल करने का आदेश किसने दिया? यह गंभीर मुद्दा है, वास्तविक मुद्दा है।’’

उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के पुलिस थाने में प्रदर्शन करने के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि देश की बड़ी राजनीतिक पार्टी के प्रमुख नेताओं में से एक और लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में गांधी ने इस मुद्दे को संसद के अंदर और बाहर प्रभावी ढंग से उठाया है।

भाषा हक देवेंद्र

देवेंद्र