महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने और ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन का समर्थन करें राहुल : भाजपा
महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने और ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन का समर्थन करें राहुल : भाजपा
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से महिलाओं के समर्थन में दिए अपने बयानों को अमल में लाने के लिए संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का समर्थन करने तथा कांग्रेस कार्यालयों में ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन की व्यवस्था करने को कहा।
गांधी ने शनिवार को पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्राओं से बातचीत करते हुए उनसे ‘‘पितृसत्ता को खत्म करने’’ का आह्वान किया था। उन्होंने ‘‘मनुस्मृति वाली मानसिकता’’ पर भी निशाना साधा और दावा किया कि यह महिलाओं को जीवन के हर चरण में पुरुष रिश्तेदारों के अधीन रहने के लिए मजबूर करती है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा था कि महिलाओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए समाज में हिंसा का इस्तेमाल किया जाता है और 80 प्रतिशत महिलाएं उत्पीड़न का सामना करती हैं।
भाजपा की नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव ईरानी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘चूंकि उन्होंने (राहुल) धर्म का उल्लेख किया है, इसलिए कांग्रेस के उस प्रमुख नेता से मेरा एक अनुरोध है। ‘वंदे मातरम्’ की कुछ पंक्तियां, जिनका कांग्रेस मुख्यालय में गायन रोक दिया गया था, उनमें देवी दुर्गा का उल्लेख है।’’
ईरानी कांग्रेस के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम्’ के केवल दो अंतरों का गायन किए जाने के फैसले को लेकर उठे विवाद का जिक्र कर रही थीं। भाजपा ने कांग्रेस के इस फैसले को ‘‘राष्ट्रीय गीत का अपमान’’ बताया है।
गांधी पर पलटवार करते हुए ईरानी ने कहा, ‘‘हमारी हिंदू धार्मिक परंपरा न केवल ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता’ (जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है) की भावना को मानती है, बल्कि हम भगवती, लक्ष्मी और सरस्वती जैसी देवियों की पूजा भी करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम देवी दुर्गा को ‘शक्ति’ के स्वरूप के रूप में पूजते हैं। मैं आग्रह करती हूं कि देवी दुर्गा का आह्वान करने वाली पंक्तियों सहित वंदे मातरम् के पूरे संस्करण का गायन कांग्रेस मुख्यालय में किया जाए।’’
ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी महिलाओं के समर्थन और उनके नेतृत्व को लेकर कल दिए अपने बयानों को अमल में लाने के वास्ते महिलाओं के लिए आरक्षण ‘‘तत्काल लागू’’ करने का समर्थन कर सकते हैं और कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन आयोजित करा सकते हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने वाला विधेयक पहले ही पारित हो चुका है। उन्होंने कहा कि इससे संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और उसकी गरिमा बढ़ेगी।
ईरानी ने कहा, ‘‘कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम में कहा कि वह महिलाओं का समर्थन करते हैं। चूंकि कांग्रेस के एक प्रमुख नेता ने महिलाओं और महिला नेतृत्व के समर्थन में बात की है, इसलिए मैं उनसे विनम्र अनुरोध करती हूं कि संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले विधेयक को जल्द लागू करने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल का समर्थन करें।’’
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


