नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी के ‘‘वोट चोरी’’आरोप को ‘‘बेबुनियाद’’ करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ईर्ष्या और चुनावों में अपनी पार्टी को मिल रही हार के कारण कांग्रेस नेता निर्वाचन आयोग के अंदर मतभेदों पर आई एक मीडिया रिपोर्ट को ‘‘बढ़ा-चढ़ा कर’’ पेश करने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, गांधी को ‘‘प्रपंच शिरोमणि’’ कहा और आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता ने अपनी प्रेस वार्ता में कंप्यूटर के माध्यम से जो तथ्य पेश किए, वे अज्ञात और संदिग्ध स्रोतों से लिए गए थे।
त्रिवेदी ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग में सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। ऐसा कोई सबूत नहीं है कि निर्णय बहुमत के आधार पर लिए गए हों।’’
भाजपा नेता ने अंग्रेजी दैनिक ‘इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित रिपोर्ट की सच्चाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें निर्वाचन आयोग या किसी भी निर्वाचन आयुक्त की कोई टिप्पणी नहीं है, यहां तक कि परोक्ष रूप से भी नहीं।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘इस रिपोर्ट का आधार क्या है?’’
त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी निराशा और ईर्ष्या की वजह से, और साथ ही कांग्रेस को चुनावों में मिल रही हार के कारण, ऐसी मीडिया रिपोर्ट को सिर्फ ‘‘बढ़ा-चढ़ा कर’’ पेश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 70 साल में, भाजपा का हर दशक में उत्थान हुआ है और कांग्रेस का हर दशक में पतन हुआ है। ऐसा इसलिए है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक ऐसे नेता हैं जो जमीनी स्तर से गहराई से जुड़े हुए हैं।’’
भाजपा नेता ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘राहुल गांधी जमीन से उड़े हुए नेता हैं।’’
त्रिवेदी ने कहा, ‘‘वह हर दूसरे महीने विदेश जाते हैं, वहां से ज्ञान प्राप्त कर लौटते हैं और बेबुनियाद तथ्य पेश करने की कोशिश करते हैं।’’
भाषा
सुभाष पवनेश
पवनेश