झारखंड में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई से राहुल का असली चेहरा सामने आया : हर्ष मल्होत्रा
झारखंड में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई से राहुल का असली चेहरा सामने आया : हर्ष मल्होत्रा
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने झारखंड में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस की ‘बर्बर’ कार्रवाई को लेकर मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आलोचना की और पूछा कि वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग कब करेंगे।
मल्होत्रा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चूंकि राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरकार को कांग्रेस का समर्थन हासिल है, इसलिए अगर गांधी सोरेन से इस्तीफे की मांग नहीं करते हैं, तो यह माना जाएगा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई में उनकी सहमति थी।
मल्होत्रा ने कहा, ‘‘झारखंड में प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस की बर्बर कार्रवाई से राहुल गांधी का असली चेहरा सामने आ गया है। जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने एक अलग ही चेहरा दिखाया था।’’
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष के नेता को चुनौती दी कि वह लोकसभा में मौजूद रहें और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर होने वाली बहस में हिस्सा लें तथा जब गृह मंत्री अमित शाह बोल रहे हों, तो वह उठकर नहीं चले जाएं और न ही कार्यवाही में बाधा डालें।
सोमवार को रांची में नौकरी के हजारों अभ्यर्थी झारखंड विधानसभा की ओर मार्च कर रहे थे। वे बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ गए, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। इसमें महिलाओं समेत कई प्रदर्शनकारी और चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पानी की बौछार की तथा आंसू गैस के गोले छोड़े।
छात्र और नौकरी के अभ्यर्थी 25 जुलाई से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के कामकाज में समग्र सुधार किए जाएं, कई भर्ती परीक्षाएं रद्द की जाएं और कथित अनियमितताओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या राज्य के बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीशों की एक समिति से स्वतंत्र जांच कराई जाए।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप

Facebook


