रेलवे की वित्तीय हालत सुधरी, रिकॉर्ड बजट आवंटन का सभी राज्यों को मिलेगा लाभ: वैष्णव
रेलवे की वित्तीय हालत सुधरी, रिकॉर्ड बजट आवंटन का सभी राज्यों को मिलेगा लाभ: वैष्णव
नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि रेल बजट को आम बजट में शामिल करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फैसले के कारण भारतीय रेल की वित्तीय हालत सुधरी है तथा परियोजनाओं में पारदर्शिता आई है।
वैष्णव ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रेल मंत्रालय से संबंधित अनुदान मांगों पर चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कहा कि बजट में रेलवे को हुए रिकॉर्ड आवंटन का लाभ देश के प्रत्येक राज्य को मिलेगा।
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 साल पहले रेलवे बजट को आम बजट के साथ मिलाने का जो निर्णय लिया था, उसका फायदा रेलवे को अब भी मिल रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।
वैष्णव का कहना था, ‘‘प्रधानमंत्री के दूरदर्शी निर्णय के कारण रेलवे को आगामी वित्त वर्ष के लिए 2.78 लाख करोड़ रुपये का आवंटन मिला तथा हर साल अलग-अलग परियोजनाएं शुरू हो रही हैं और सभी परियोजनाओं में पारदर्शिता आई है।’’
उन्होंने कहा कि रेलवे की वित्तीय हालत बहुत सुधरी है तथा इसके खाते अन्य विभागों की तरह ही पारदर्शी तरीके से सामने रखे जाते हैं।
वैष्णव के अनुसार, रेलवे में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का खर्च कर्मचारियों और 32 हजार करोड़ रुपये का व्यय ऊर्जा पर खर्च हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारतीय रेल दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा माल परिवहन वाला रेलवे बन गया है।
वैष्णव ने कहा कि इस सरकार में 47 हजार किलोमीटर रेल मार्ग पर विद्युतीकरण हो चुका है और इस तरह लगभग 99 प्रतिशत विद्युतीकरण हो चुका है।
उन्होंने कहा कि देश में हाइड्रोजन ट्रेन तैयार हो चुकी है जो दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेन है।
भाषा हक
हक वैभव
वैभव

Facebook


