दक्षिण बंगाल में बारिश का पूर्वानुमान, बुधवार से भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
दक्षिण बंगाल में बारिश का पूर्वानुमान, बुधवार से भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
कोलकाता, 25 मई (भाषा) पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों के लोगों को राहत मिलने की संभावना है क्योंकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार से बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
आईएमडी ने कहा है कि बृहस्पतिवार से पश्चिम बंगाल में अधिकतम तापमान में धीरे- धीरे दो से तीन डिग्री की गिरावट आएगी।
पश्चिम जिलों पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान के निवासियों को चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पुरुलिया शहर और पानागढ़ में दिन का तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक पारे का चढ़ना जारी रहेगा जिसके बाद तूफान के साथ बारिश होने से अधिकतम तापमान में कमी आने की संभावना है जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा जिसने क्षेत्र के लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया ।
फिर भी उत्तर बंगाल के ज़िलों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार सोमवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान रायगंज में सबसे अधिक 74.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। अन्य स्थानों में बालुरघाट 66 मिमी, जालोंग 66 मिमी, कुमारग्राम 51.4 मिमी, लावा 26 मिमी, अलीपुरद्वार 17.2 मिमी और डलगांव में 16.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
कोलकाता में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक यानी 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शाम को शहर के कुछ हिस्सों में तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है।
भाषा नरेश
नरेश

Facebook


