तेलंगाना में वर्षा की कमी का स्तर घटकर 10 फीसदी रह गया
तेलंगाना में वर्षा की कमी का स्तर घटकर 10 फीसदी रह गया
हैदराबाद, 30 जुलाई (भाषा) तेलंगाना में पिछले कुछ दिनों से अच्छी बारिश के कारण राज्य में वर्षा की कमी का स्तर घटकर महज 10 फीसदी रह गया है। लंबे समय तक बारिश की कमी के बाद अब अच्छी बारिश से किसानों में खुशी है।
तेलंगाना राज्य विकास योजना समिति के अनुसार, जगतियाल जिले के गुल्लाकोटा में बृहस्पतिवार दोपहर तक 70.5 मिमी बारिश हुई। इसके बाद कुमराम भीम आसिफाबाद जिले के सिरपुर (यू) में 66.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश की जो कमी 15 दिन पहले 33 प्रतिशत थी, वह बृहस्पतिवार सुबह तक घटकर 10 प्रतिशत रह गई।
इसके बावजूद, राज्य के 33 में से 13 जिलों में अब तक सामान्य से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
यादाद्री-भुवनगिरी जिले में बारिश की कमी 65 प्रतिशत तक है।
विभाग ने बताया कि हैदराबाद में अब भी बारिश की कमी बनी हुई है।
हैदराबाद में 29 जुलाई को रात को बारिश की वजह से कई जगहों पर जल-जमाव और यातायात जाम की समस्या हुई। बारिश के बाद राज्य में कुछ जगहों पर छोटी नदियां उफान पर थीं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपनी चेतावनी में आदिलाबाद, कुमराम भीम आसिफाबाद, मंचरियल, निर्मल और जगतियाल जिलों के कुछ इलाकों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इसमें बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे से 31 जुलाई की सुबह 8.30 बजे तक तेज हवाओं के साथ बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
इसमें कहा गया है कि इसी दौरान तेलंगाना के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
‘रेड अलर्ट‘ का मतलब है कि 24 घंटे में 204 मिमी से अधिक अत्यधिक भारी बारिश।
भाषा संतोष वैभव
वैभव

Facebook


