राजस्थान : जैसलमेर में पिकअप वैन से टकराई कार, चार लोगों की मौत

राजस्थान : जैसलमेर में पिकअप वैन से टकराई कार, चार लोगों की मौत

राजस्थान : जैसलमेर में पिकअप वैन से टकराई कार, चार लोगों की मौत
Modified Date: January 6, 2024 / 01:43 pm IST
Published Date: January 6, 2024 12:44 pm IST

जयपुर, छह जनवरी (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर में एक तेज रफ्तार कार दो राहगीरों को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़ी एक वैन से जा टकराई। इस सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कार चालक समेत गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना से थोड़ी देर पहले ही कार में सवार युवकों में से एक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वाहन में शराब पीते हुए एक वीडियो अपलोड किया था।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना शुक्रवार रात उस समय की है, जब कार जैसलमेर के आकल गांव से बाड़मेर की ओर जा रही थी। पुलिस की एक टीम ने एक नाके पर कार को रोकने की कोशिश की लेकिन उसके चालक ने कार नहीं रोकी।

पुलिस ने बताया कि जब कार जैसलमेर के देवीकोट कस्बे में पहुंची तो उसने सड़क पर खड़े दो राहगीरों को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप वैन से जा टकराई।

जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि हादसे में राहगीर मेनकला (34) और उनके बेटे मनीष (13) और कार सवार रोशन खान व भवानी सिंह की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं।

अधिकारी ने बताया, ”हादसे के समय कार चालक शराब के नशे में बताया जा रहा है। उसका अस्पताल में इलाज उपचार किया जा रहा है और आज उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना से कुछ समय पहले, रोशन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह और उसके दोस्त कार में शराब पी रहे थे।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में

IBC24 डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं, जहां मेरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति सहित प्रमुख विषयों की खबरों की कवरेज और प्रस्तुति है। वर्ष 2016 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हूं और अब तक 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए न्यूज़ राइटिंग और डिजिटल टूल्स में दक्षता हासिल की है। मेरे लिए पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है—सटीक, तेज और असरदार जानकारी पाठकों तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। बदलते डिजिटल दौर में खुद को लगातार अपडेट कर, कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।