राजस्थान एएनटीएफ ने इनामी तस्कर को वडोदरा से गिरफ्तार किया

Ads

राजस्थान एएनटीएफ ने इनामी तस्कर को वडोदरा से गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 10:22 PM IST

जयपुर, 21 जून (भाषा) राजस्थान मादक पदार्थ निरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर को गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यहां यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान नागौर जिले के सियागो की ढाणी निवासी हनुमान उर्फ राजू (27) के रूप में हुई है। वह श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में वांछित था।

पुलिस महानिरीक्षक (एएनटीएफ) विकास कुमार ने बताया कि यह गिरफ्तारी राज्यव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत ‘ऑपरेशन राजियान्जनेय’ के अंतर्गत की गई है।

उन्होंने बताया कि राजू कई वर्ष पहले तस्करों के संपर्क में आने के बाद मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गया था। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ दर्ज एक मादक पदार्थ तस्करी मामले के बाद वह गुजरात फरार हो गया था।

जांच के दौरान एएनटीएफ को सूचना मिली कि आरोपी की पत्नी गुजरात पैसे भेजने संबंधी जानकारी लेने के लिए एक ई-मित्र केंद्र गई थी। इसके अलावा उसके घर के पास वडोदरा की एक मिठाई की दुकान का खाली डिब्बा मिला, जिससे टीम को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला और जांच वडोदरा पर केंद्रित की गई।

वडोदरा पहुंचने के बाद एएनटीएफ की टीम ने तीन दिनों तक आरोपी की निगरानी की। तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि वह प्रतिदिन लगभग एक ही समय पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से अपने भाई को फोन करता था और सभी कॉल एक ही स्थान से की जाती थीं।

जांच में यह स्थान एक सार्वजनिक पार्क निकला।

पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि अंततः एएनटीएफ की टीम ने राजू को पार्क से मोबाइल फोन पर बात करते समय धर दबोचा।

भाषा बाकोलिया शफीक

शफीक