रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्राथमिकता से काम कर रहे हैं: राजस्थान के मुख्यमंत्री

रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्राथमिकता से काम कर रहे हैं: राजस्थान के मुख्यमंत्री

रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्राथमिकता से काम कर रहे हैं: राजस्थान के मुख्यमंत्री
Modified Date: September 9, 2025 / 08:53 pm IST
Published Date: September 9, 2025 8:53 pm IST

जयपुर, नौ सितंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि हमारी सरकार राज्य में रेलवे सुविधाओं के विस्तार के लिए प्राथमिकता से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि मजबूत रेल नेटवर्क से आमजन को आवागमन में सुगमता होगी, साथ ही स्थानीय रोजगार और उद्योगों को भी फायदा होगा।

शर्मा ने रतलाम-डूंगरपुर वाया बांसवाड़ा नयी रेल परियोजना और केन्द्रीय भंडारण निगम द्वारा भरतपुर में प्रस्तावित नवीन रेल टर्मिनल के काम की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि राज्य में प्रस्तावित रेलवे परियोजनाओं के धरातल पर शीघ्र मूर्तरूप देने के लिए अधिकारी रेलवे के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

आधिकारिक बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि भरतपुर में प्रस्तावित रेल टर्मिनल के निर्माण से किसानों, औद्योगिक इकाइयों सहित सभी वर्गों को परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी टर्मिनल के लिए उपयुक्त स्थान का चयन करने के लिए संयुक्त निरीक्षण करें।

शर्मा ने उत्तर-पश्चिम रेलवे के अधिकारियों से रतलाम-डूंगरपुर वाया बांसवाड़ा नयी रेल परियोजना की वस्तुस्थिति को जाना। उन्होंने अधिकारियों को इस रेलवे लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण के कार्य को आपसी समन्वय से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए वित्तीय संसाधनों एवं तकनीकी आवश्यकताओं को केन्द्र के साथ समन्वय करते हुए प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

भाषा पृथ्वी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में